भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश को केंद्रीय नेतृत्व ने सदस्यता का जो लक्ष्य दिया था। वह सभी जिलों में लगभग पूर्णता की ओर है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। 9 अगस्त से 11 अगस्त के बीच चलने वाले विशेष सदस्यता अभियान में हम निर्धारित लक्ष्य से आगे बढ़कर सदस्य बनाएंगे। इसके लिए एक मजबूत कार्ययोजना के साथ हर जिले में काम करना है। मतदान केंद्र को इकाई बनाकर हमें इस अभियान को सफल बनाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में आज से शुरू हुए सक्रिय सदस्यता अभियान की जानकारी भी दी।
प्रदेश में चल रहे संगठन पर्व सदस्यता अभियान की समीक्षा को लेकर गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, सदस्यता प्रभारी, सह प्रभारी, सभी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं प्रदेश अध्यक्ष, प्रकोष्ठों, विभागों तथा प्रकल्पों के प्रदेश संयोजक, संभागीय संगठन मंत्री एवं पार्टी के सभी विधायक एवं प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद भदौरिया, विनोद गोटिया, प्रदीप लारिया, रामलाल रौतेल, सुदर्शन गुप्ता, रामेश्वर शर्मा, विजेश लुणावत, प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, सदस्यता अभियान के सह प्रभारी पंकज जोशी, डॉ. कैलाश जाटव मंचासीन थे।
9 अगस्त से चलेगा 3 दिवसीय विशेष सदस्यता अभियान
राकेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर चारों ओर उत्साह का वातावरण है। हर घर भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने को आतुर है। अगर जरूरत है तो सिर्फ इस बात की कि हम उनके पास पहुंचें। उन्होंने कहा कि 8अगस्त तक प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में तय लक्ष्य को पूरा कर लिया जाए और 9 से11 अगस्त के बीच 3 दिवसीय विशेष सदस्यता अभियान में जुटकर लक्ष्य से बढ़कर सदस्य बनें। इस बात की चिंता प्रत्येक कार्यकर्ता को करनी है। उन्होंने 3दिवसीय विशेष सदस्यता अभियान में बाजारों में वृहद सदस्यता, विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के बीच में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। उन्होंने विशेष सदस्यता अभियान में नवाचार कर अभियान को गति देने की बात कही।
सदस्यों में से आने वाले दिनों के कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा
राकेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश ही नहीं समूचे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हम राष्ट्रवाद की विचारधारा को साथ लेकर चले हैं। हमारे पास नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा जैसा करिश्माई नेतृत्व है। जनता हमारे नेतृत्व से जुड़ना चाहती है। इसका लाभ लेकर हमें सदस्यता अभियान को प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि इस सदस्यता अभियान से आने वाले दिनों के श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा। यह अभियान हर घर तक भारतीय जनता पार्टी की पहुंच का सशक्त माध्यम है।
विशेष प्रचार-प्रसार के साथ होगा विशेष सदस्यता अभियान
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने जिलेवार सदस्यता की जानकारी लेते हुए 3 दिवसीय विशेष सदस्यता अभियान लक्ष्य से आगे बढ़कर सदस्य बनाने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश में चल रहे सदस्यता अभियान पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में संतोषप्रद तरीके से सदस्यता अभियान चल रहा है। कई जिलों में लक्ष्य के आसपास सदस्यता अभियान पूरा कर लिया है। कई जिलों में लक्ष्य पूरा करने की स्थिति में है। पूरे प्रदेश में 8अगस्त तक सदस्यता का लक्ष्य पूरा कर लिया जायेगा।
कांग्रेस अभी तक के सबसे बुरे दौर में गुजर रही है
राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह बिखरी हुई है। कांग्रेस अभी तक के सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। कांग्रेस के भीतर ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर अलग-अलग मांगे उठ रही है। कुछ राहुल गांधी तो कुछ प्रियंका तो कुछ तीसरा नाम ले रहे है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सरकार वेंटिलेटर पर है और यही कारण है कि वह भ्रम का वातावरण फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमें कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम की ओर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। हमें उंचे मनोबल के साथ काम करते रहना है। पूरी ताकत के साथ सदस्यता अभियान में जुटे और जो लक्ष्य निर्धारित किया है उस लक्ष्य के आगे बढ़कर सदस्य बनाएं। सिंह ने कहा कि जितने दिन यह सरकार चल रही है उतने दिनों तक प्रदेश की जनता के मन में सरकार के प्रति आक्रोश पैदा होगा। यह आक्रोश दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। हर रोज प्रदेश में कहीं न कहीं घटनाएं घट रही है। जो कि सरकार की लचर कानून एवं प्रशासनिक व्यवस्था को दर्शाता है।
सदस्यता अभियान की शानदार प्रगति पर प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने सदस्यता अभियान की समीक्षा के दौरान आज सभी जिलों से वृत्त प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत हुई शानदार सदस्यता के लिए इस कार्य में जुटे सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा को पिछली सदस्यता से 20 प्रतिशत अधिक सदस्य बनाने हैं। इस प्रकार यह आंकड़ा 20 लाख के करीब होता है। लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी लगन और परिश्रम के साथ काम करते हुए ऑनलाइन तथा पत्रक के माध्यम से सदस्यता को 30 लाख के उपर पहुंचा दिया है। अर्थात 20 प्रतिशत के आंकड़े से लगभग 10 लाख सदस्य अधिक बनाए जा चुके हैं। अभी आने वाले दिनों में मोर्चे के विशेष सदस्यता अभियान चलेंगे तथा पार्टी का तीन दिवसीय विशेष सदस्यता अभियान भी चलने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित ही हम निर्धारित लक्ष्य से काफी आगे निकलकर मध्यप्रदेश के संगठन की सर्वश्रेष्ठता को स्थापित करेंगे।
हमारा सिर्फ एक लक्ष्य सदस्यता अभियान को नीचे तक उतारना : शिवराज सिंह
सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अगरतला से फोन के माध्यम से बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान पार्टी का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। समाज के सभी वर्ग तक भारतीय जनता पार्टी की पहुंच हो, इस उद्देश्य को सार्थक करने का माध्यम यह अभियान है। उन्होंने सदस्यता अभियान के लिए विस्तारक योजना को प्रभावी तरीके से क्रियान्वित करने की बात करते हुए कहा कि हमारा सिर्फ एक लक्ष्य है कि सदस्यता अभियान नीचे स्तर तक उतरे। सदस्यता अभियान की सफलता से ही संगठन विस्तार होगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान में मध्यप्रदेश पूरे देश में अव्वल रहे इसलिए हमें परिश्रम की पराकाष्ठा करना है। बैठक का संचालन प्रदेश मंत्री एवं सदस्यता अभियान के सह प्रभारी पंकज जोशी ने किया।