- मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र लिखकर मजदूरों का डिटेल और ट्रेन चलाने की मांग की
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अजय कुमार लल्लू की अध्यक्षता में एक ’कोऑर्डिनेशन कमेटी’ बनाई है जो मजदूरों और प्रशासन के बीच समन्वय और प्रशासन की मदद का काम करेगी जिससे मजदूर सुरक्षित अपने घर जा सकें।
इस कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ‘आदित्य’, पूर्व विधायक अजय राय, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष - पूर्व विधायक पंकज मलिक और विधायक सोहेल अंसारी का नाम शामिल है।
अजय कुमार लल्लू ने मजदूर भाइयों- बहनों से निवेदन किया है कि वो ट्रेन से एकदम निश्चिंत होकर घर लौटें। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस टिकट का खर्च वहन करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मजदूरों का डिटेल मांगा है एवं प्रवासी मजदूरो को घर वापस भेजने के लिये और अधिक ट्रेन चलाने की मांग की है।